Saturday, 18 July 2015

DD का सबसे बड़ा एंडोर्समेंट: 6.31 करोड़ लेकर किसान चैनल का प्रचार कर रहे अमिताभ

नई दिल्ली. प्राइम मिनिस्टर नरेंद्र मोदी ने दूरदर्शन के किसान चैनल को 26 मई को लॉन्च किया था। इस चैनल का ब्रांड एंबेसडर अमिताभ बच्चन को बनाया गया है। चैनल का कुल बजट केवल 45 करोड़ रुपए है। इसमें से 6.31 करोड़ रुपए सिर्फ अमिताभ को दिए गए हैं। दूरदर्शन के अफसरों के मुताबिक डीडी ने अपनी हिस्ट्री में चैनल की पब्लिसिटी के लिए इतना बड़ा अमाउंट पहले कभी किसी सेलिब्रिटी को नहीं दिया। अब अमिताभ को दिए गए इस बड़े पेमेंट को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
सलमान, अजय और काजोल को भी किया गया था अप्रोच
जानकारी के मुताबिक, किसान चैनल को लॉन्च करने के पहले सलमान खान, अजय देवगन और काजोल से भी कॉन्टैक्ट किया गया था, लेकिन कुछ वजहों से इन एक्टर्स को चैनल का ब्रांड एंबेसडर नहीं बनाया जा सका। आखिरकार, यह तलाश अमिताभ बच्चन पर खत्म हुई। लिंटास इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी ने अमिताभ और दूरदर्शन के बीच 6.31 करोड़ रुपए में कॉन्ट्रैक्ट फाइनल कराया। इसमें से चार करोड़ रुपए अमिताभ को पेमेंट भी किया जा चुके हैं।
अमिताभ ही क्यों
एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, टीवी और फिल्मों के सबसे फेमस एक्टर्स में से एक अमिताभ देश के किसानों में भी काफी पॉपुलर हैं। पीएम मोदी जब गुजरात के सीएम थे, तब उन्होंने अमिताभ को ही गुजरात का ब्रांड एंबेसडर बनाया था। सूत्रों के मुताबिक, इतनी मोटी रकम पर अमिताभ को ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए लिंटास ने प्रसार भारती पर प्रेशर बनाया था। हालांकि, लिंटास की ओर से अब कहा जा रहा है कि वे अब इस मामले में कुछ नहीं कह सकते, क्योंकि डॉक्युमेंट्स अब डीडी के पास हैं।
एक साल तक ऐड शूट करेंगे अमिताभ
प्रसार भारती और अमिताभ बच्चन के बीच जो कॉन्ट्रैक्ट साइन किया गया, उसके मुताबिक अमिताभ बच्चन को 30 अप्रैल 2016 तक टीवी, प्रिंट, इंटरनेट और फिल्म ऐड के लिए शूटिंग करना होगी। हालांकि, अमिताभ को ब्रांड एंबेसडर बनाना भी किसान चैनल के काम नहीं आया और इस चैनल की व्युअरशिप केवल 36 लाख रही, जबकि एक बैंडविड्थ पर टेलीकास्ट होने के बावजूद डिस्कवरी चैनल की व्युअरशिप चार करोड़ तीस लाख है। प्रसार भारती के अफसरों का कहना है कि किसान चैनल और डिस्कवरी के बीच कोई कम्पेरिजन नहीं किया जा सकता।
किसान चैनल के एडवाइजर बीजेपी से
नरेश सिरोही किसान चैनल के एडवाइजर हैं जो बीजेपी के भारतीय किसान मोर्चा ऑर्गनाइजेशन से जुड़े हैं। अमिताभ को ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर प्रसार भारती के एडिशनल डायरेक्टर जनरल रंजन मुखर्जी का कहना है, “अमिताभ को ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने का फैसला प्रसार भारती की हाई पावर कमेटी ने किया था। इसकी वजह यह थी कि अमिताभ किसानों के बीच भी एक फेमस हैं।” जानकारी के मुताबिक, सिनर्जी कम्युनिकेशंस के सिद्धार्थ बसु को भी चैनल से जोड़ने की कोशिश की गई थी। बसु से कहा गया था कि वे 'कौन बनेगा करोड़पति' जैसा एक प्रोग्राम किसान चैनल के लिए भी बनाएं, हालांकि बात बन नहीं पाई। इस चैनल की लॉन्चिंग के पहले इसके सीईओ जवाहर सिरकार नाराज हो गए थे और इसकी ऑफिशियल लॉन्चिंग में शामिल नहीं हुए थे। जवाहर का आरोप था कि इन्फॉरमेशन और ब्रॉडकास्टिंग मिनिस्ट्री उनके काम में दखल दे रही है।

No comments: