भंडारा. दो माह पूर्व जिले में हुए 100 करोड़ के धान घोटाले में भंडारा पुलिस ने चार संस्थाओं समेत 26 लोगों के खिलाफ बुधवार देर रात प्रकरण दर्ज किया। बताया जाता है कि पुलिस अधीक्षक दिलीप झलके ने शीघ्र ही यह मामला स्थानीय अपराध शाखा को सौंपने के आदेश जारी किए हैं। दोषियों में जिले के प्रतिष्ठित लोगों के शामिल होने से पुलिस पर दवाब है। इससे कुछ आरोपियों को अग्रिम जमानत के लिए पर्याप्त समय मिल रहा है।
कुछ आरोपियों ने जमानत के प्रयास भी शुरू कर दिए हैं। आरोपियों में शामिल जिला औद्योगिक संघ के अध्यक्ष मनोहर कहालकर का मामला दर्ज होने वाली रात ही निधन हो गया। आरोपियों पर भादंवि की धारा 406, 409, 420, 465, 467, 468, 471, 34 व 120(ब) के तहत मामले दर्ज किए।
विधायक चरण वाघमारे ने लगाया था आरोप
तुमसर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चरण वाघमारे ने दो माह पूर्व शासकीय धान खरीदी केंद्र में 100 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया था। जिसमें किसानों के बोगस नामों के साथ जाली सातबारा के सहारे कुछ व्यापारियों द्वारा धान खरीदी दिखाने और कुछ केंद्रों पर काफी कम खरीदी होने के बावजूद अधिक खरीदी दिखाकर करोड़ों रुपए शासन की तिजोरी से हड़पने के आरोप भी उन्होंने लगाए। वाघमारे ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार उपजिला अधिकारी स्तर के तीन अधिकारियों की जांच समिति बनाई गई। जांच समिति ने भी केंद्र में अनियमितता पाई। साथ ही इस प्रकरण में राजनीति के जानेमाने चेहरे होने की वजह से विभागीय आयुक्त तथा पुलिस महानिरीक्षक स्तर की विशेष जांच समिति बनाई गई।

No comments:
Post a Comment