Thursday, 6 August 2015

दिलीप वेंगसरकर ने बहुतुले की नियुक्ति को बताया 'अनैतिक'

दिलीप वेंगसरकर ने बहुतुले की नियुक्ति को बताया 'अनैतिक'

मुंबई: मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के उपाध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर ने पूर्व भारतीय लेग स्पिनर साईराज बहुतुले को बंगाल टीम का कोच नियुक्त किए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे 'अनैतिक' करार दिया है। बहुतुले को सोमवार को बंगाल टीम का नया कोच नियुक्त किया गया था और वह अगले दो वर्षों के लिए टीम को कोचिंग देंगे।
 
वेगसरकर ने बताया कि जब बहुतुले को मुंबई अंडर-23 टीम का कोच बनाया जा चुका है तो वह बंगाल के कोच पद को किस तरह स्वीकार कर सकते हैं। वेंगसरकर ने कहा कि बहुतुले का यह रवैया पूरी तरह अनैतिक है। जब एमसीए उन्हें निर्धारित वेतन पर अंडर-23 टीम का कोच नियुक्त कर चुका है तो वह किस तरह बंगाल टीम के कोच बन सकते हैं। वह निर्धारित वेतन पर काम करने को राजी हो चुके थे और पिछले दो सप्ताह से अंडर-23 टीम को कोचिंग भी दे रहे हैं। एमसीए उपाध्यक्ष ने कहा कि हमें खुशी थी कि वह विदर्भ और केरल रणजी टीम के बाद मुंबई को कोचिंग देना चाहते हैं लेकिन जिस तरह का रवैया उन्होंने अपनाया, कोई अनुमान भी नहीं लगा सकता था। यदि वह एक रणजी टीम काे कोचिंग देना चाहते थे तो उन्होंने विदर्भ और केरल को ही क्यों छाेड़ा या उन्हें किसी ने ऐसा करने के लिए कहा था। यदि उन्हें बाद में किसी और टीम से आॅफर मिलेगा तो क्या वह बंगाल को बीच राह में ही छोड़ देंगे। 

No comments: