Saturday, 1 August 2015

राहुल गांधी ने कहा, आरएसएस सिस्टम को कमजोर कर रहा है

राहुल गांधी ने कहा, आरएसएस सिस्टम को कमजोर कर रहा है

पुणे, मुंबई. भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) में अध्यक्ष के तौर पर गजेंद्र चौहान की नियुक्ति का विरोध करने वालों में अब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल हो गए हैं। वे शुक्रवार को एफटीआईआई पहुंचे। छात्रों से मिले। यह आरोप भी जड़ दिया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) सिस्टम को कमजोर कर रहा है। हर जगह अपनी विचारधारा थोप रहा है। चौहान को हटाने के लिए 50 दिन से आंदोलन कर रहे छात्रों ने राहुल से कहा कि वे उनकी लड़ाई संसद में लेकर जाएं। जवाब में राहुल ने कहा कि आरएसएस और उसके विचारक अपने लोगों को प्रमोट कर रहे हैं।

शिक्षा ही नहीं बल्कि ब्यूरोक्रेसी और ज्युडिशियरी में भी ऐसे लोगों को प्रमोट किया जा रहा है। आरएसएस अपनी विचारधारा को थोंपना चाहता है। वह कहते हैं कि आपको हमसे सहमत होना ही होगा। अगर आप नहीं होते तो आपको कुचल दिया जाता है। लोगों का मुंह बंद करने के लिए वह आपको हिन्दू विरोधी और राष्ट्र विरोधी कहते हैं।
एक विचारधारा क्यों चाहते हैं? 
राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार और भाजपा इस देश में सिर्फ एक विचारधारा क्यों चाहते हैं? आखिर ऐसी क्या वजह है कि वे इस देश में विभिन्न विचारधारा या सोच का स्वागत नहीं करना चाहते? आपका दृष्टिकोण प्रतिरोध का होना चाहिए, सिर्फ स्कूल के भीतर नहीं, बल्कि बाहर भी। आज युवाओं से ज्यादा कोई ताकतवर नहीं है। यह बहुत ही रोमांचक फिल्म होगी कि कैसे समूची भारत सरकार 250 छात्रों को किनारे लगाना चाहती है। 

प्रधानमंत्री के आगे केंद्र में कोई नहीं
राहुल ने कहा, "यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गजेन्द्र चौहान के नाम पर मुहर लगा दी है तो भाजपा में कोई भी इसे नहीं बदल सकता। इस देश में सिर्फ एक ही व्यक्ति फैसला लेता है और कोई उसके फैसले का विरोध नहीं करता है। इस तरह का माहौल सिर्फ यहीं पर नहीं है बल्कि पूरे देश में ही कमोबेश ऐसा ही माहौल है।
परेश रावल का पलटवार- क्या राहुल में सत्यजीत रे नजर आता है?
राहुल के हमलों पर भाजपा सांसद और अभिनेता परेश रावल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों को गजेंद्र चौहान में बीजेपी का कार्यकर्ता नजर आता है तो क्या राहुल गांधी में उन्हें सत्यजीत रे नजर आता है?

No comments: