Wednesday, 29 July 2015

बेटी पैदा होने पर पति ने पत्नी से मांगा दहेज़, मना करने पर बच्ची को दिया जहर

बेटी पैदा होने पर पति ने पत्नी से मांगा दहेज़, मना करने पर बच्ची को दिया जहर

नागपुर. बेटी पैदा होना आज मानो महिला के लिए अभिशाप बन गया है। एक ऐसे ही प्रकरण में बेटी पैदा होने पर महिला से दहेज की मांग की गई। और तो और, इनकार करने पर उसे जहर देकर जान से मारने का भी प्रयास किया गया। गिट्टीखदान क्षेत्र में हुई इस घटना का खुलासा मंगलवार को हुआ। इस संबंध में पति समेत परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

उम्मीद बहुत मिलने की थी
जेबा शोहेब खान (25) अमरावती की निवासी है। 25 अगस्त 2013 में उसका निकाह शोहेब जाफर नगर निवासी से हुआ। शोहेब किसी लैब में टेक्निशियन है। बताया जा रहा है कि निकाह के दौरान शोहेब व उसके परिजनों ने किसी भी तरह के दहेज की मांग नहीं की थी। जेबा के माता-पिता को सिर्फ इतना ही कहा गया था कि वे स्वेच्छा से जो देना है, दे देें। लिहाजा, उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया भी, परंतु शोहेब के परिजनों की मंशा बिन मांगे ही बहुत सारा दहेज मिलने की थी। नतीजतन, निकाह के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले उसे ताने मारने लगे। इस बीच वर्ष 2014 में जेबा ने एक बच्ची को जन्म दिया।

शारीरिक व मानसिक प्रताडऩा : पुत्री को जन्म देना मानो उसके लिए अभिशाप बन गया। उसे रोज ही दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाने लगा। इनकार करने पर पति शोहेब, ससुर शरीफउल्ला खान (50), सास रेहाना परवीन (42) व शायना शेख ने जेबा को जहर पिला दिया। कहा यह भी जा रहा है कि उसके खाने में भी जहर मिला दिया गया था। जेबा की बिगड़ती हालत से खान परिवार को पुलिस के झंझट में फंसने का डर सताने लगा। आरोपों से बचने के लिए उसे अस्पताल भी ले जाया गया। जेबा की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अतिदक्षता कक्ष में भर्ती किया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। प्रकरण दर्ज किया गया है।

No comments: