Wednesday, 22 July 2015

नागपुर को मिली टी-20 वर्ल्डकप की मेजबानी, जामठा स्टेडियम में होगा मैच

नागपुर को मिली टी-20 वर्ल्डकप की मेजबानी, जामठा स्टेडियम में होगा मैच

नागपुर/कोलकाता. अगले वर्ष होने वाले आईसीसी ट्वेंटी-20 विश्वकप मैचों के आयोजन स्थलों में नागपुर भी शामिल होगा। बीसीसीआई ने आयोजन स्थलों की घोषणा कर दी है। नागपुर को इस बार मेजबानी करने का मौका मिला है।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन स्टेडियम में खेला जाएगा। बीसीसीआई ने मंगलवार को बंगलुरु, चेन्नई, धर्मशाला, मोहाली, कोलकाता, मुंबई, नागपुर और दिल्ली में मैचों का आयोजन कराए जाने की घोषणा की।
11 मार्च से शुरू होकर तीन अप्रैल तक चलने वाले टूर्नामेंट का फाइनल कोलकाता के ईडन गार्डन में होगा। अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के लिए आईसीसी द्वारा निर्धारित मानदंडों पर खरा उतरने वाले स्थलों पर ही मैचों का आयोजन किया जाएगा।

टूर्नामेंट के लिए आयोजन स्थलों की घोषणा करते हुए बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘हमने अगले वर्ष होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए तैयारी शुरू कर दी है। हम इस ट्वंेटी-20 विश्वकप का सफल आयोजन कर इसे प्रशंसकों और भाग ले रही टीमों के लिए यादगार बना देना चाहते हैं। मुझे भरोसा है कि सभी आयोजन स्थल विश्व स्तरीय आयोजन करेंगे।
निश्चित ही वीसीए को मिलेंगे अच्छे मैच : दीक्षित
विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश दीक्षित ने नागपुर को मेजबानी मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि कि नागपुर को निश्चित ही अच्छे मैच मिलेंगे। उन्होंने कहा कि नागपुर में विश्वकप के कम से कम दो मुकाबले होंगे। जिनमें से एक मैच भारत का होगा।
दीक्षित ने कहा कि जामठा स्थित वीसीए का मैदान भारत के सर्वश्रेष्ठ मैदानों में से एक है। दीक्षित ने कहा कि हम पिछली बार की तरह इस बार भी शानदार मेजबानी करेंगे।


No comments: