Sunday, 15 May 2016

नागपुर मेडिकल हॉस्पिटल में लापरवाही की होगी जांच, मंत्री तावड़े ने दिया आर्डर

मुंबई.   राज्य के चिकित्सा शिक्षामंत्री विनोद तावड़े ने नागपुर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की लापरवाही के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। तावड़े ने शनिवार को दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा, “मैंने दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए अस्पताल में डॉक्टरों के समय पर न आने समेत अन्य शिकायतों के बारे में जांच के आदेश दिए हैं। इसकी रिपोर्ट अगले 15 दिनों में आ जाएगी। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।”

उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर के नागपुर संस्करण ने नागपुर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अस्पताल में  डॉक्टरों के समय पर न आने, डॉक्टरों द्वारा अस्पताल के डीन अभिमन्यु निसावडे के आदेशों का पालन न करने, अस्पताल में आने वाले मरीजों को होने वाली परेशानी को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित की थीं। 6 मई को विनोद तावड़े ने अपने सरकारी आवास पर इन खबरों का खुद अवलोकन किया था।


नीट : राष्ट्रपति से हस्तक्षेप का आग्रह करेगी सरकार

एजेंसी। मुंबई. मेडिकल व डेंटल कॉलेजाें में प्रवेश के लिए अनिवार्य की गई नेशनल इलिजिबिलिटी कम एंट्रेस टेस्ट (नीट) को लेकर चल रही उलझन के मद्देनजर प्रदेश सरकार अब इस मसले पर राष्ट्रपति का दरवाजा खटखटाएगी। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा नीट को अनिवार्य किए जाने के बाद प्रदेश सरकार अब इस मसले पर राष्ट्रपति से हस्तक्षेप का आग्रह करेगी। कहा, ‘केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्‌डा ने एेसे सभी राज्याें के चिकित्सा शिक्षा मंत्रियों की 16 मई को बैठक बुलाई है।
जो अपने स्तर पर प्रवेश परीक्षा आयोजित करते हैं। इस बैठक के बाद यदि जरूरत पड़ी तो हम राष्ट्रपति से मिलकर उनसे इस मामले में  हस्तक्षेप की मांग करेंगे।’ उल्लेखनीय है नीट को लेकर राज्य की ओर से दायर समीक्षा व सुधार याचिका सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। राज्य सरकार की नीट को लेकर यह आपत्ति है कि यह सीबीएसई सिलेबस पर अाधारित है, जबकि महाराष्ट्र के अधिकांश विद्यार्थी स्टेट बोर्ड से संबद्ध स्कूल/ कॉलेजाें से हैं।


सीएम भी बोले: यह विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़
भास्कर न्यूज। नागपुर. नीट को अनिवार्य किए जाने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर शनिवार को यहां  प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की नाराजगी भी साफ देखने को मिली। फडणवीस ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि यह फैसला कई छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।  

No comments: